पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में यूरिया वितरण के दौरान चाकूबाजी और लूटपाट की घटना सामने आई है। बीकोठी प्रखंड के ओरलाहा पंचायत में पैक्स अध्यक्ष द्वारा यूरिया वितरण किया जा रहा था।
इस दौरान चाकूबाजी शुरू हो गयी जिसमें पैक्स अध्यक्ष अरविंद प्रसाद सिंह तो बाल-बाल बच गये। लेकिन पैक्स अध्यक्ष का छोटा पुत्र रौशन कुमार लहूलुहान हो गया।
इस घटना को लेकर इलाके में अफरातफरी मच गयी। इस बीच पैक्स गोदाम में लूटपाट किया गया जिसमें पैसे भी लूट लिए गए।
यूरिया वितरण के दौरान बवाल व चाकूबाजी
यूरिया वितरण के दौरान हुए विवाद में चाकूबाजी के बीच पैक्स गोदाम से 1 लाख 45 हजार रुपये की लूट भी हो गयी। रघुवंशनगर थानाध्यक्ष आनंद कुमार का बताना है कि आवेदन मिला है
जिसके आलोक में आगे की कारवाई की जा रही है। मामले में पीड़ित पैक्स अध्यक्ष अरविंद प्रसाद सिंह ने रघुवंशनगर थाना में आवेदन देकर राजेश कुमार और उसकी मां नीतू देवी को नामजद आरोपी बनाया।
पीड़ित पैक्स अध्यक्ष का आरोप…
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शनिवार को गोदाम में वो यूरिया का वितरण कर रहे थे इसी दौरान इसी गांव का राजेश कुमार उर्फ खन्ना यूरिया मांगने पहुंचा तो पैक्स अध्यक्ष ने उसे कहा कि सभी को क्रमबद्ध तरीके से ही यूरिया दिया जाएगा।
इतना सुनते ही वह घर चला गया। उसके बाद करीब एक बजे राजेश कुमार उर्फ खन्ना अपनी मां नीतू देवी के साथ गोदाम पर पहुंचा और पैक्स अध्यक्ष पर चाकू से हमला कर दिया।
पैक्स अध्यक्ष का बेटा चाकूबाजी में जख्मी
पीड़ित ने बताया कि मौके पर मौजूद पैक्स अध्यक्ष के छोटे बेटे रौशन कुमार ने रोकने का प्रयास किया तो उसे भी कई जगह चाकू वार किया।
चाकू लगने से रौशन कुमार के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पैक्स अध्यक्ष ने बताया कि हमले के दौरान गोदाम में अफरातफरी मच गयी।
इस भगदड़ का फायदा उठाकर आरोपित नीतू देवी एक लाख 45 हजार रुपये से भरा झोला लेकर फरार हो गई।