गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका, कार सवार के मुंह में लगी गोली; पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद। Bihar News

 गोपालगंज। दो पक्षों में छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से गोलीबारी होने लगी। वहीं मौके पर कई राउंड फायरिंग हुई। 



इसमें एक युवक के मुंह में गोली लग गई। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 


गोपालगंज जिले के मीरगंज नगर में पार्किंग के मामूली विवाद को लेकर अहले सुबह कई राउंड फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। 


इन्हें तत्काल इलाज के लिए हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद से स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।


 घटना गोपालगंज जिले के मीरगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर 21 की बताई जा रही है, घायल व्यक्ति का नाम दिग्विजय सिंह कुशवाहा के रूप में पहचान की गई है। वह मीरगंज के वार्ड नंबर 15 निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र हैं। 



खाली जगह में पार्किंग को लेकर विवाद हुआ

बताया जाता है कि शनिवार देर रात मीरगंज शहर के वार्ड नंबर 21 पुरानी टोला में शंभू तुरहा के बेटे बिट्टू का तिलक समारोह था। इसी तिलक समारोह में दिग्विजय सिंह भी शामिल होने आए थे। रविवार को तड़के करीब चार बजे तिलक समारोह के बगल में खाली जगह में पार्किंग को लेकर विवाद हुआ। इसी विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद और बढ़ गया। विवाद के बाद मौके पर कई राउंड फायरिंग हुई। पड़ोसी युवक के ऊपर ही गोलीबारी करने का आरोप है।


कार सवार को गोली उसके मुंह में लगी

इस गोलीबारी में कई लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि एक कार सवार को गोली उसके मुंह में लगी है। जबकि एक अन्य व्यक्ति भी मामूली रूप से जख्मी हो गया है। दोनों घायलों को हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पूरे शहर में सनसनी फैल गई। वहीं सूचना पर मौके पर मीरगंज पुलिस भी पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं इस मामले में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मीरगंज पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं मौके से दो खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

Previous Post Next Post