झुन्नू बाबा
समस्तीपुर ! उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचलाधिकारी कार्यालय के बगल में स्थित स्थायी आधार पंजीकरण केन्द्र के कर्मी द्वारा, आधार पंजीकरण केन्द्र के खिड़की पर सर्वर प्रॉब्लम का नोटिस चिपकाकर, आधार बनवाने तथा आधार में सुधार कराने के लिए आने वाले लोगों से विभाग द्वारा जारी शुल्क से ज्यादा की राशि वसुली किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आधार कार्ड में सुधार व नया आधार पंजीकरण कराने आए लोगों ने पहचान उजागर नही करने के शर्त पर बताया कि, जब वह लोग उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार पंजीकरण केन्द्र पर पहुंचे तो, पहले तो आधार पंजीकरण कार्यालय में मौजूद एक महिला कर्मी ने तो पहले सर्वर प्रॉब्लम होने की बात बतायी।
फिर जब वह लोग बाहर निकलने लगे तो वह बोली की, आधार पंजीकरण तथा सुधार का काम हो जाएगा, लेकिन एक्स्ट्रा पैसा लगेगा। जिसके बाद उसने प्रति व्यक्ति 2 सौ रूपए के हिसाब से कुल 6 सौ रूपए लेकर उसके आधार में सुधार तथा दो अन्य लोगों का आधार पंजीकरण कर दिया। जब पहचान छुपाने का कारण पुछा गया तो उस व्यक्ति ने बताया कि, अगर उसका नाम खबर में प्रकाशित किया जाएगा, तो हो सकता है कि, आधार पंजीकरण करने वाले लोग उसका सारा डेटा ही सिस्टम से डिलीट कर दें। आपको बता दें कि इससे पूर्व भी प्रखंड मुख्यालय में कार्यरत स्थायी आधार पंजीकरण केन्द्र के कर्मी द्वारा इसी तरह की धांधली किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। जिसके बाद निर्वतमान प्रखंड विकास पदाधिकारी उजियारपुर डॉ भृगुनाथ सिंह ने उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को पत्राचार किया गया था। जिसके बाद उसे प्रखंड मुख्यालय से स्थानांतरित कर दिया गया था। वहीं इस बाबत पुछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी उजियारपुर डॉ भृगुनाथ सिंह ने बताया कि, मामले की जांच करायी जाएगी, मामला सत्य पाए जाने पर आधार पंजीकरण कार्यालय में कार्यरत कर्मी के विरूद्ध उचित कारवाई की जाएगी।